त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट, श्रीनगर में मिठाई की दुकानों की जांच.. - newenergystate
sringr

त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट, श्रीनगर में मिठाई की दुकानों की जांच..

 

उत्तराखंड: त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बाजार में बिकने वाली मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में विभागीय टीम ने श्रीनगर में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाई विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने और ग्राहकों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

मिठाइयों पर निर्माण तिथि लिखना अनिवार्य
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पीसी जोशी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान दुकानों में मिठाइयों पर निर्माण तिथि और उनके उपयोग की अवधि अंकित होने की जांच की गई। अधिकांश मिठाई विक्रेता निर्धारित नियमों का पालन करते मिले, लेकिन कुछ प्रतिष्ठानों में इन प्रावधानों का अनुपालन नहीं पाया गया। ऐसे दुकानदारों को मिठाइयों पर निर्माण तिथि और उपयोग की अवधि स्पष्ट रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए, ताकि उपभोक्ता खाद्य सामग्री खरीदते समय जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकें। निरीक्षण के साथ खाद्य कारोबारियों के लिए जागरूकता गोष्ठी भी आयोजित की गई। इसमें व्यापारियों को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, उचित तापमान बनाए रखने और मिठाइयों की गुणवत्ता बरकरार रखने के तरीकों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि मिठाइयों को निर्धारित परिस्थितियों में रखना और बिक्री के दौरान स्वच्छता का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। नियमों का पालन करने से खाद्य पदार्थों को खराब होने से बचाने और उपभोक्ताओं की सेहत की सुरक्षा में मदद मिलती है।

पान मसाला और गुटखा संबंधी नियमों की भी दी जानकारी
गोष्ठी में पान मसाला और गुटखा से जुड़े प्रावधानों पर भी चर्चा की गई। सहायक आयुक्त पीसी जोशी ने खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे सभी निर्धारित मानकों का पालन करें और ग्राहकों को गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री ही उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा के नियमों का पालन करना और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। इस दौरान व्यापार मंडल से छवि अग्रवाल, अमित पाल, बलबीर कंडारी, राकेश आहूजा, हर्ष अग्रवाल, रविन्द्र चौहान और पुनीत मित्तल समेत अन्य खाद्य व्यापारी मौजूद रहे।

 

 

 

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *