अमित शाह के दौरे को लेकर देहरादून अलर्ट, मुख्य सचिव ने परेड ग्राउंड का किया निरीक्षण..
उत्तराखंड: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 6 नवंबर को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रदेश की राजधानी देहरादून में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। दौरे के मद्देनजर शासन और पुलिस प्रशासन ने कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए कमर कस ली है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, गृह मंत्री अमित शाह सबसे पहले देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाली जनसभा में शामिल होंगे। इस सभा का आयोजन भाजपा की ओर से किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसके बाद गृह मंत्री पुलिस लाइन पहुंचेंगे, जहां उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर से सम्मानित किया जाएगा। तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने मंगलवार को संबंधित अधिकारियों के साथ दोनों कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
दो दिन में पूरी करनी होंगी सभी तैयारियां
मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाएं अगले दो दिनों के भीतर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने सुरक्षा इंतजामों के साथ यातायात व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग और जनसभा स्थल पर आम लोगों के लिए जरूरी सुविधाओं को प्राथमिकता देने को कहा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मसूरी एसडीएम, गढ़वाल मंडल के अपर आयुक्त केके मिश्रा और मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि दोनों कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के संपन्न कराए जा सकें।
