September 11, 2026
उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष को लेकर सस्पेंस बरकरार, महेंद्र भट्ट की दोबारा ताजपोशी की अटकलें तेज..

उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष को लेकर सस्पेंस बरकरार, महेंद्र भट्ट की दोबारा ताजपोशी की अटकलें तेज..

 

 

 

उत्तराखंड: भाजपा संगठन में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। केंद्रीय नेतृत्व ने राज्य में प्रदेश अध्यक्ष पद पर चयन की घोषणा कर दी है। माना जा रहा है कि 1 जुलाई को प्रदेश भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल सकता है। इसके लिए चुनाव प्रक्रिया 29 जून से शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने इस बार अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। वे उत्तराखंड में पार्टी संगठन के चुनाव की निगरानी करेंगे। चुनाव प्रक्रिया के दौरान पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के लिए आठ सदस्यों का भी चुनाव किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार प्रदेश संगठन में बदलाव को लेकर कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच हलचल तेज हो गई है। प्रदेश अध्यक्ष का पद फिलहाल महेंद्र भट्ट के पास है, जिनका कार्यकाल लगभग पूर्ण हो चुका है। संगठनात्मक दृष्टि से यह बदलाव पार्टी को आगामी चुनावों की तैयारी के लिहाज से अहम दिशा दे सकता है।

उत्तराखंड भाजपा को जल्द ही नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने जा रहा है। प्रदेश चुनाव अधिकारी खजानदास ने जानकारी दी है कि 29 जून को प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के चुनाव की अधिसूचना जारी हो सकती है। यदि ऐसा हुआ तो उसी दिन चुनाव में भाग लेने वाले मतदाताओं की सूची भी प्रदेश भाजपा कार्यालय में चस्पा कर दी जाएगी। 30 जून को नामांकन दाखिल किए जाएंगे, और 1 जुलाई को मतदान और परिणाम की घोषणा संभव है। खजानदास ने कहा कि बूथ, मंडल और जिला अध्यक्षों का चयन पहले ही संपन्न हो चुका है, जिससे अब प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव का मार्ग साफ हो गया है। चुनाव की पूरी प्रक्रिया का विधिवत कार्यक्रम शीघ्र जारी किया जाएगा। इस चुनाव को भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में अहम बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि नया अध्यक्ष 2027 विधानसभा चुनावों की रणनीति में निर्णायक भूमिका निभा सकता है। केंद्रीय नेतृत्व पहले ही केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा को चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त कर चुका है, जो पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में कई दावेदार
भाजपा का अगला प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा, इसे लेकर अभी रहस्य बना हुआ है। हालांकि पार्टी के भीतर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को दोबारा जिम्मेदारी दिए जाने की भी चर्चाएं भी तैर रही हैं। इसके पीछे की वजह अब तक हुए चुनाव में पार्टी की कामयाबी, पार्टी के सभी बड़े नेताओं में उनकी स्वीकार्यता और मुख्यमंत्री धामी से उनका समन्वय बताई जा रही है। चूंकि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व अब तक चौंकाने वाले फैसले ही लेता रहा है, इसलिए पार्टी के भीतर जातीय व क्षेत्रीय समीकरणों के हिसाब से कुछ और नाम भी चर्चाओं में हैं। माना जा रहा है कि संगठन की कमान गढ़वाल क्षेत्र के ब्राह्मण चेहरे के हाथों में सौंपी जा सकती है। इस हिसाब से प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए जो नाम संगठन में गूंज रहे हैं उनमें प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, दर्जाधारी ज्योति प्रसाद गैरोला, वरिष्ठ विधायक विनोद चमोली, विधायक बृजभूषण गैरोला के नामों की चर्चा है। पार्टी में यदि महिला को कमान सौंपने का प्रयोग हुआ तो महिला चेहरे के तौर पर केदारनाथ की विधायक आशा नौटियाल व महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज के नाम प्रमुख हैं।

 

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *