कुंभ 2027 को लेकर धामी सरकार अलर्ट, मेला और भूपतवाला अस्पताल के लिए भेजे गए उपकरण.. - newenergystate
cm8

कुंभ 2027 को लेकर धामी सरकार अलर्ट, मेला और भूपतवाला अस्पताल के लिए भेजे गए उपकरण..

 

 

 

उत्तराखंड: हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेला-2027 को लेकर राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय परिसर से चिकित्सा उपकरणों से लैस वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये उपकरण हरिद्वार के मेला चिकित्सालय और भूपतवाला चिकित्सालय में उपलब्ध कराए जाएंगे। इन चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था कृषि उद्योग विकास परिषद की ओर से कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और अस्पतालों की उपचार क्षमता को बढ़ाना है।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर

सीएम धामी ने कहा कि कुंभ मेला-2027 में देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में इतने बड़े आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को प्राथमिकता देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार कुंभ मेले की तैयारियों के तहत चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार कर रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को बिना देरी के उपचार मिल सके। इसके लिए मेला क्षेत्र के अस्पतालों को आवश्यक संसाधनों से लैस किया जा रहा है।

आपातकालीन उपचार में मददगार होंगे उपकरण

सीएम ने कहा कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन में स्वास्थ्य सेवाओं का मजबूत होना बेहद जरूरी है। मेला चिकित्सालय और भूपतवाला चिकित्सालय को मिलने वाले उपकरण प्राथमिक उपचार के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में भी उपयोगी साबित होंगे। इससे अस्पतालों में आने वाले मरीजों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

CSR के तहत संस्थाओं की भागीदारी की सराहना

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कृषि उद्योग विकास परिषद की पहल की सराहना करते हुए कहा कि कुंभ जैसे बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने में सरकारी विभागों के साथ सामाजिक संस्थाओं और अन्य संगठनों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। सभी के सहयोग से श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं। सीएम ने भरोसा जताया कि राज्य सरकार और संबंधित विभागों के आपसी समन्वय से कुंभ मेला-2027 का आयोजन सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

 

 

 

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *