July 28, 2026
bjp

हर घर तिरंगा अभियान से देशभक्ति का संदेश देगी भाजपा, 14 अगस्त से शुरू होंगी पदयात्राएं..

 

उत्तराखंड: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में चलने वाले हर घर तिरंगा अभियान को लेकर उत्तराखंड भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी प्रदेश में तिरंगा यात्रा, जनजागरण अभियान और विभिन्न राष्ट्रभक्ति कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को अभियान से जोड़ने की योजना बना रही है। इसके तहत 14 अगस्त से प्रदेशभर में घर-घर तिरंगा फहराने के साथ ही कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा ने अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश स्तर पर एक विशेष टोली का गठन किया है, जो अलग-अलग जिलों और मंडलों में कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर रही है। पार्टी का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को जनभागीदारी से जोड़ते हुए समाज के सभी वर्गों तक राष्ट्रभक्ति का संदेश पहुंचाना है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ हर घर तिरंगा अभियान अब देशभर में एक बड़े जन आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि इस अभियान ने लोगों के मन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और भावनात्मक जुड़ाव को और मजबूत किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभियान को प्रत्येक घर तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। पार्टी प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि कार्यकर्ता घरों के साथ-साथ प्रतिष्ठानों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा फहराने के लिए लोगों को जागरूक करेंगे। अभियान के दौरान युवाओं और विद्यार्थियों को देश के स्वतंत्रता संग्राम, संविधान के मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों के बारे में जानकारी दी जाएगी।उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी मंडलों में 10 अगस्त से 14 अगस्त तक तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएगी। इसके अलावा जिलों में भी बड़े स्तर पर तिरंगा यात्राओं का आयोजन होगा, जिसमें राष्ट्रभक्ति गीत, राष्ट्रगान और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जोड़ा जाएगा।

अभियान के तहत समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने की भी योजना बनाई गई है। इसके लिए प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक संगठनों, युवा संगठनों, महिला समूहों, सेवानिवृत्त सैनिकों, सुरक्षा कर्मियों और अन्य विशिष्ट लोगों को कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता शहीद स्मारकों और स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़े स्थलों पर स्वच्छता अभियान भी चलाएंगे। इसके बाद शहीदों और महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। पार्टी ने देश की सेवा में बलिदान देने वाले सैनिकों और पुलिस जवानों के परिवारों को सम्मानित करने का भी कार्यक्रम तय किया है।

पार्टी की योजना के अनुसार प्रत्येक मंडल में कार्यकर्ता वीर सैनिकों और शहीद परिवारों के घर जाकर उनका सम्मान करेंगे और उनके योगदान को याद करेंगे। सीमावर्ती क्षेत्रों में भी पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि संबंधित अनुमति लेकर सीमा चौकियों पर पहुंचकर जवानों का सम्मान करेंगे।भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश संगठन के निर्देशों के अनुसार सभी सांसद, विधायक, मंत्री और जनप्रतिनिधि अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग तिरंगा अभियान से जुड़ सकें। भाजपा का कहना है कि हर घर तिरंगा अभियान केवल ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी और नागरिक कर्तव्यों की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। पार्टी इस अभियान के जरिए प्रदेशवासियों को विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ने का प्रयास करेगी।

 

 

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *