पीआरडी जवानों के मानदेय में होगी बढ़ोतरी, खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि भी बढ़ाएगी सरकार.. - newenergystate
cm d

पीआरडी जवानों के मानदेय में होगी बढ़ोतरी, खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि भी बढ़ाएगी सरकार..

 

 

उत्तराखंड: राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं और खिलाड़ियों को कई सौगातें दीं। उन्होंने दौड़ में शामिल प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा आपसी भाईचारे का संदेश दिया। इस दौरान सीएम ने खेल सुविधाओं के विस्तार, खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाने और पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। सीएम ने कहा कि प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के मानदेय में बढ़ोतरी की जाएगी। इसके लिए जल्द ही बैठक आयोजित कर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराने में ये क्लब महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

आमवाला में बनेगा मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र
युवाओं को खेल और सैन्य भर्ती की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने देहरादून के आमवाला में युवा केंद्र से लगी खाली भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित करने की घोषणा की। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र विकसित किया जाएगा। इससे क्षेत्र के युवाओं को खेल अभ्यास के साथ सेना में भर्ती की तैयारी के लिए भी सुविधाएं मिल सकेंगी।

खिलाड़ियों को अब पहले से ज्यादा मिलेगी पुरस्कार राशि
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाने का भी ऐलान किया। न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार राशि में इजाफा किया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 200 से बढ़ाकर 300 रुपये और तृतीय पुरस्कार 150 से बढ़ाकर 200 रुपये किया जाएगा। विधानसभा स्तर पर प्रथम पुरस्कार 500 से बढ़ाकर 700 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 400 से बढ़ाकर 500 रुपये और तृतीय पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये करने की घोषणा की गई। इसी तरह संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार की राशि क्रमशः 800, 600 और 400 रुपये से बढ़ाकर 1,000, 800 और 600 रुपये की जाएगी। राज्य स्तर पर भी पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी होगी। यहां प्रथम पुरस्कार 1,500 से बढ़ाकर 2,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 1,000 से बढ़ाकर 1,500 रुपये और तृतीय पुरस्कार 700 से बढ़ाकर 1,000 रुपये किया जाएगा।

ओवरऑल विजेता जिले को अब मिलेंगे 10 लाख रुपये
सीएम ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के ओवरऑल विजेता जनपद को मिलने वाली पुरस्कार राशि दोगुनी करने की घोषणा की। अब तक विजेता जिले को मुख्यमंत्री कप के साथ पांच लाख रुपये दिए जाते थे, जिसे बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा खेल प्रतियोगिताओं का दायरा भी बढ़ाया जाएगा। वर्तमान में चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत 32 खेल शामिल हैं, जिनकी संख्या बढ़ाकर 50 की जाएगी। नई सूची में पारंपरिक खेलों को भी विशेष स्थान दिया जाएगा, जिससे प्रदेश की खेल संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिल सके। सीएम ने प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए निर्धारित कुल बजट में भी बढ़ोतरी करने की घोषणा की। इन फैसलों का उद्देश्य प्रदेश में खेलों के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने, ग्रामीण स्तर पर प्रतिभाओं को सामने लाने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

 

 

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *