बद्रीनाथ हाईवे पर आमने-सामने की टक्कर में क्षतिग्रस्त हुआ विधायक का वाहन..
उत्तराखंड: देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद कंडारी सोमवार को सड़क हादसे में घायल हो गए। श्रीनगर से कीर्तिनगर जाते समय बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर उफल्डा के समीप उनके वाहन की सामने से आ रहे एक अन्य वाहन से भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार, विधायक विनोद कंडारी अपने वाहन से श्रीनगर की ओर से कीर्तिनगर जा रहे थे। इसी दौरान उफल्डा के पास विपरीत दिशा से आ रहे वाहन ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। हादसे में विधायक को हल्की चोटें आई हैं। गनीमत रही कि दुर्घटना में विधायक सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में भी हलचल मच गई। फिलहाल उनकी स्थिति सुरक्षित बताई जा रही है।
